आमने-सामने बाइक भिड़ंत में युवक की मौत, सीएचसी में हंगामा
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद सीएचसी में घायलों के साथ पहुंचे परिजनों व साथियों ने जमकर हंगामा किया और चिकित्सकों, कर्मचारियों तथा एक चैनल रिपोर्टर के साथ अभद्रता का प्रयास किया। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हसनपुर टांडा निवासी ज्ञानवेंद्र उर्फ शुभम वर्मा (25) बुधवार देर रात ग्राम मिठवारा से एक शादी समारोह से अपने घर लौट रहे थे। उनके साथ बाइक पर रिश्तेदार आशुतोष और नैंसी भी सवार थे। मिठवारा-बिहुरा मार्ग पर ग्राम खैरातपुर के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ज्ञानवेंद्र के साथ दूसरी बाइक पर सवार इमलीपुर निवासी सचिन और राजा गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि आशुतोष और नैंसी को मामूली चोटें आईं। सभी घायलों को उपचार के लिए स्थानीय सीएचसी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने ज्ञानवेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि सचिन की हालत गंभीर बनी हुई है। एंबुलेंस समय पर न मिलने से आक्रोशित परिजनों और साथियों ने सीएचसी में हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद डॉ. समीर सिन्हा, फार्मासिस्ट हरगोविंद बैसवार, वार्ड बॉय आकाश और एक चैनल रिपोर्टर के साथ गाली-गलौज की गई तथा मारपीट का प्रयास किया गया। बीच-बचाव करने वालों से भी अभद्रता की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस से भी हंगामा कर रहे लोगों ने धक्का-मुक्की की। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। मृतक ज्ञानवेंद्र अपने परिवार का इकलौता पुत्र था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है और दोनों बहनों की शादी हो चुकी है। सीएचसी प्रभारी डॉ. अवनीश चौधरी ने बताया कि हंगामा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी गई है।









