आबादी के टावर का लोगों ने किया विरोध, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

निष्पक्ष जन अवलोकन

बदायूं/बिल्सी। नगर के मोहल्ला संख्या 6 के लोगों ने आबादी के बीच लगाए जा रहे दूरसंचार टावर का विरोध करते हुए एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य रुकवाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि टावर से निकलने वाली किरणें स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकती हैं, जिससे खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए खतरा बढ़ सकता है। मोहल्ला संख्या 6 में जिलेदारी के पीछे रहने वाले लोगों ने ज्ञापन में बताया कि उनके मोहल्ले में पहले से ही दूरसंचार विभाग द्वारा एक टावर लगाया जा चुका है। अब उसी क्षेत्र में दूसरा टावर लगाए जाने की तैयारी की जा रही है, जिसका निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि घनी आबादी के बीच एक और टावर लगाए जाने से नगरवासियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उनका कहना है कि टावर से निकलने वाली रेडिएशन बच्चों के लिए विशेष रूप से हानिकारक हो सकती है और इससे भविष्य में गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आबादी के बीच लगाए जा रहे इस टावर के निर्माण कार्य को तुरंत प्रभाव से रुकवाया जाए और इसे किसी सुरक्षित स्थान पर स्थापित कराया जाए, ताकि मोहल्ले के लोगों की सेहत पर किसी प्रकार का खतरा न उत्पन्न हो। ज्ञापन देने वालों में सुमित कुमार, रोहित कुमार, मनीष कुमार, राघव सिंह, आकाश बाबू, संध्या अमित कुमार आदि है।