अमृत सरोवर में डूबने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

अमृत सरोवर में डूबने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

निष्पक्ष जन अवलोकन राम लक्ष्मण बड्डूपुर (बाराबंकी)। स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक दर्दनाक हादसे में अमृत सरोवर तालाब में डूबने से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार कोतवाली बड्डूपुर क्षेत्र के ग्राम गौरभारी निवासी वीरेन्द्र चौहान का 20 वर्षीय पुत्र संदीप चौहान अपने दोस्तों के साथ मूर्त स्वामी स्थित अमृत सरोवर तालाब में नहाने गया था। वहां मौजूद लोगों ने तालाब में नहाने से मना भी किया, लेकिन युवकों ने चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया और गहरे पानी में चले गए। बताया जा रहा है कि तालाब में कमल गट्टा की जड़ें चारों ओर फैली हुई थीं, जिनमें संदीप का पैर फंस गया और वह डूबने लगा। साथियों के अनुसार वह तालाब की सीढ़ियों से छलांग लगा रहा था। काफी देर तक जब वह पानी से बाहर नहीं निकला तो मौजूद लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद संदीप को पानी से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घूघटेर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जवान बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार सोनकर ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। मृतक संदीप चौहान मजदूरी कर अपने परिवार का सहयोग करता था और अपने दो भाइयों में एक था।