25 हजार का इनामी बदमाश हेरोइन के साथ गिरफ्तार
निष्पक्ष जन अवलोकन/अमर नाथ शर्मा सोनभद्र। एसओजी और रॉबर्ट्सगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपए के इनामी वांछित अभियुक्त को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 22 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 2.20 लाख रुपये बताई जा रही है।पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार वर्मा के निर्देशन में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार के पर्यवेक्षण और नगर क्षेत्राधिकारी रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार रात आर्यन एकेडमी के पास ग्राम गोरारी क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रतीक कुमार उर्फ बंटी उम्र 21 वर्ष पुत्र अवधेश कुमार निवासी जैत थाना रॉबर्ट्सगंज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह थाना रॉबर्ट्सगंज में दर्ज कई मामलों में वांछित था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 22 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। इस बरामदगी के आधार पर थाना रॉबर्ट्सगंज में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत नया मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, चोरी, मारपीट तथा गैंगस्टर एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राम स्वरूप वर्मा, एसओजी व सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश जी चौबे, चौकी प्रभारी नई बाजार उपनिरीक्षक धर्मनारायण भार्गव, उपनिरीक्षक रणजीत सिंह सहित एसओजी और रॉबर्ट्सगंज थाने की पुलिस टीम शामिल रही।









