18 वर्षीय युवक की ईंट से कुचलकर हत्या, नाले में मिला शव, इलाके में सनसनी

18 वर्षीय युवक की ईंट से कुचलकर हत्या, नाले में मिला शव, इलाके में सनसनी

निष्पक्ष जन अवलोकन नूर मोहम्मद मसौली (बाराबंकी)। सफदरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर कटरा निवासी 18 वर्षीय युवक मोहम्मद आसिफ का शव गांव से करीब एक किलोमीटर दूर ग्राम चौखंडी के पास एक सूखे जल निकासी नाले में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक की ईंट से कुचलकर बेरहमी से हत्या किए जाने की आशंका है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार देर शाम आसिफ का गांव के कुछ लोगों से विवाद हुआ था। रात करीब 10 बजे तक उसे गांव में देखा गया, जिसके बाद वह लापता हो गया। परिजनों द्वारा पूरी रात तलाश के बाद शनिवार सुबह उसका शव चौखंडी स्थित ईदगाह के पीछे कल्याणी नदी से जुड़े सूखे नाले में पड़ा मिला। उसका सिर बुरी तरह कुचला हुआ था। आसिफ अपने माता-पिता का जवान बेटा था। परिवार में दो भाई वसीम और सलीम तथा तीन बहनें हैं। घर की चौखट पर हर रोज हंसने-बोलने वाला बेटा अब खामोश पड़ा था। मां मेहशर जहां बेटे का खून से लथपथ शव देखकर बेसुध हो गईं और पड़ोस के युवक पर हत्या का आरोप लगाते हुए चीख-चीख कर रोती रहीं। मृतक की मां ने बताया कि घटना से पहले आसिफ के पास चांदी की चेन, अंगूठी, ब्रेसलेट तथा करीब 12 हजार रुपये नकद थे, जो अब गायब हैं। परिजनों का आरोप है कि हत्या के बाद ये सभी सामान लूट लिए गए। पिता मोहम्मद वैस, जो गांव-गांव फेरी लगाकर कपड़े बेचते हैं, ने बताया कि बेटे का गांव के कुछ लोगों से विवाद हुआ था और उसी रंजिश में हत्या की आशंका है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। थानाध्यक्ष अमर कुमार चौरसिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और लूट तथा रंजिश दोनों पहलुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीण इस वारदात से स्तब्ध हैं और जल्द खुलासे की मांग कर रहे हैं। इस दौरान ग्राम प्रधान नियाज अहमद अंसारी ने पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिया।