होली से पहले अकबरपुर-रनिया को विकास की सौगात प्रतिभा शुक्ला की सक्रियता से 3 करोड़ से अधिक धनराशि स्वीकृत, तीन प्रमुख मार्गों का होगा निर्माण

होली से पहले अकबरपुर-रनिया को विकास की सौगात प्रतिभा शुक्ला की सक्रियता से 3 करोड़ से अधिक धनराशि स्वीकृत, तीन प्रमुख मार्गों का होगा निर्माण

निष्पक्ष जन अवलोकन।

अंकित तिवारी।

कानपुर देहात। होली पर्व से ठीक पहले अकबरपुर रनिया विधानसभा क्षेत्र को बड़ी विकासात्मक सौगात मिली है। क्षेत्रीय विधायक एवं राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला के सतत प्रयासों से प्रदेश सरकार ने तीन प्रमुख मार्गों के निर्माण हेतु 3 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दी गई इस स्वीकृति से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद जगी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मैथा मांडा से देवीपुर मार्ग के निर्माण के लिए 1 करोड़ 2 लाख 50 हजार रुपये, रनिया-सरवनखेड़ा से पामा संपर्क मार्ग के लिए 98 लाख 10 हजार रुपये, तथा जरिहा मार्ग से एनटीपीसी बिलसरायां मार्ग के निर्माण हेतु 1 करोड़ 5 लाख 70 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन तीनों सड़कों का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा। राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि इन मार्गों के बन जाने से ग्रामीण अंचलों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने भी इस स्वीकृति का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि सड़कों के निर्माण से क्षेत्र में विकास की रफ्तार तेज होगी और लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।