हेडिंग 1: जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, बाराबंकी में बड़े पैमाने पर प्रशिक्षण जारी हेडिंग 2: 1639 प्रगणक-सुपरवाइजरों को मिला प्रशिक्षण, डिजिटल प्रणाली से होगी इस बार जनगणना
निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। जनपद में प्रस्तावित जनगणना 2027 को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रमों का संचालन तेज गति से किया जा रहा है। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह के सुपरविजन में यह समस्त प्रशिक्षण कार्य संचालित हो रहा है। सोमवार को जनपद के विभिन्न तहसीलों एवं नगर निकायों में व्यापक स्तर पर प्रशिक्षण आयोजित किया गया। तहसील फतेहपुर, रामनगर, रामसनेहीघाट, सिरौलीगौसपुर, हैदरगढ़ तथा नगर निकाय नवाबगंज, बंकी, जैदपुर एवं हैदरगढ़ सहित कुल 9 चार्जों में 41 बैचों के माध्यम से 1639 प्रगणक एवं सुपरवाइजरों को 82 फील्ड ट्रेनरों द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्य का संचालन सहायक निदेशक जनगणना/जिला प्रभारी जनगणना अजय सिंह भारती एवं 3 मास्टर ट्रेनरों की देखरेख में किया गया। इनके द्वारा प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा रही है। उल्लेखनीय है कि जनपद में अब तक कुल 44 बैचों के माध्यम से 1980 प्रगणक एवं सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक सम्पन्न किया जा चुका है। प्रशिक्षण कार्यक्रमों में प्रतिभागियों को मकान सूचीकरण, मोबाइल एप्लिकेशन के उपयोग, डेटा संकलन, सत्यापन प्रक्रिया तथा फील्ड में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान से संबंधित विस्तृत जानकारी दी जा रही है। जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 22 मई से 20 जून 2026 तक किया जाएगा। इस बार जनगणना प्रक्रिया को पूर्णतः डिजिटल प्रणाली से जोड़ा गया है, जिससे संकलित डेटा रियल टाइम में सर्वर पर उपलब्ध रहेगा और पारदर्शिता व शुद्धता सुनिश्चित होगी। इसके अतिरिक्त, पहली बार नागरिकों को स्वगणना का अवसर भी दिया गया है। इसके तहत नागरिक 7 मई से 21 मई 2026 तक निर्धारित पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।









