हाईटेंशन तार टूटने से खेतों में लगी भीषण आग, 11 किसानों की फसल जलकर राख

हाईटेंशन तार टूटने से खेतों में लगी भीषण आग, 11 किसानों की फसल जलकर राख

निष्पक्ष जन अवलोकन राम लक्ष्मण बड्डूपुर (बाराबंकी): क्षेत्र के ग्राम सीवा में दोपहर के समय हाईटेंशन बिजली का तार टूटकर खेत में गिरने से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर 11 किसानों की करीब 10 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। घटना के बाद पीड़ित किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। बताया जाता है कि ग्राम सीवा निवासी काशी राम के खेतों के ऊपर से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है। दोपहर के समय तेज हवा चलने के कारण ढीले तार आपस में टकरा गए और टूटकर खेत में गिर पड़े। तार गिरने से निकली चिंगारी ने गेहूं की तैयार फसल को आग की चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के खेतों में भी फैल गई। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू, प्रशासन ने शुरू किया नुकसान का आकलन घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बिजली विभाग को सूचना देकर सप्लाई बंद कराई। इसके बाद ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती रही। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस हादसे में काशी राम, कधाई, मंगला प्रसाद, जगदेव, राम खेलावन, चेतराम, सहजराम, सुनील, राम नरेश, प्रवेश और बाबूलाल समेत 11 किसानों की गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। सूचना पर पहुंचे हल्का लेखपाल रंजीत कुमार वर्मा ने बताया कि करीब 10 बीघा फसल के नुकसान का आकलन किया गया है और इसकी रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी गई है।