स्कूल चलो अभियान रैली से गूंजा मसौली, बच्चों ने शिक्षा का संदेश दिया
निष्पक्ष जन अवलोकन नूर मोहम्मद मसौली, बाराबंकी। ब्लॉक स्तरीय स्कूल चलो अभियान रैली उच्च प्राथमिक विद्यालय मसौली में उत्साहपूर्वक आयोजित की गई। रैली का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह भुल्लन वर्मा, खंड विकास अधिकारी संदीप कुमार श्रीवास्तव, प्रधान प्रतिनिधि मो. मुईन अंसारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी जैनेन्द्र कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान बच्चों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण भी किया गया। रैली में उच्च प्राथमिक विद्यालय मसौली एवं रफी मेमोरियल प्राइमरी स्कूल के बच्चों ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर “हम सबने ठाना है, स्कूल जरूर जाना है” और “हम बच्चों का नारा है, शिक्षा अधिकार हमारा है” जैसे नारों के माध्यम से अभिभावकों को जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने सिंदूर व रुद्राक्ष के पौधों का रोपण कर बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया। बच्चों को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह भुल्लन वर्मा ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए उन्हें मेहनत से पढ़ाई कर माता-पिता का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी। खंड विकास अधिकारी संदीप कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि यह अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प है, जो हर बच्चे को शिक्षा के प्रकाश से जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के जीवन का अमूल्य आभूषण है, जो उसे आत्मनिर्भर और संस्कारित बनाती है। खंड शिक्षा अधिकारी जैनेन्द्र कुमार ने अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि 6 से 14 वर्ष तक के सभी बच्चों का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करना इसका मुख्य लक्ष्य है। इस अवसर पर एआरपी आदित्य वर्मा, राजेश यादव, राहत फातिमा, प्रधानाध्यापक मो. असरार, संगीता वर्मा, अन्नू देवी, दीप्ति यादव, सत्यम वर्मा, अजय सिंह यादव, गुंजन वर्मा, फातिमा सबीहा, साबिया मारूफ, कृष्ण कुमार रुहेला, मोहम्मद तारिक किदवई, आशाराम, ओवैस रशीद किदवई सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।









