स्कूल चलो अभियान की हुई भव्य शुरुआत, रैली निकालकर दिया शिक्षा का संदेश

स्कूल चलो अभियान की हुई भव्य शुरुआत, रैली निकालकर दिया शिक्षा का संदेश

निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। शिक्षा विभाग द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज के ऑडिटोरियम में स्कूल चलो अभियान की शुरुआत भव्य रूप से की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश चन्द्र शर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, विधान परिषद सदस्य अंगद कुमार सिंह, हैदरगढ़ विधायक दिनेश रावत, भाजपा जिला अध्यक्ष राम सिंह वर्मा “भुल्लन” एवं जिला उपाध्यक्ष मनीष परिहार मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक ओ.पी. त्रिपाठी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक ने मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। शत-प्रतिशत नामांकन और गुणवत्ता सुधार पर जोर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री सतीश चन्द्र शर्मा ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना है। साथ ही उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता सुधार पर भी बल दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री की विभिन्न योजनाओं, विशेषकर कन्या सुमंगला योजना, का उल्लेख करते हुए सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया। भाजपा जिला अध्यक्ष राम सिंह वर्मा ने बताया कि बच्चों को जूता, मोजा और बैग जैसी सुविधाओं के लिए धनराशि डीबीटी के माध्यम से दी जा रही है। वहीं, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत ने भी शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। हैदरगढ़ विधायक दिनेश रावत ने कहा कि कायाकल्प योजना के तहत विद्यालयों का वातावरण बेहतर हुआ है, जिससे बच्चों को पढ़ाई के लिए अच्छा माहौल मिल रहा है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन, रैली को दिखाई हरी झंडी कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। उच्च प्राथमिक विद्यालय बनवा के बच्चों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक भी आकर्षण का केंद्र रहा। इसके बाद मुख्य अतिथि ने अभियान रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली कार्यक्रम स्थल से लखपेड़ाबाग चौराहा होते हुए पुनः ऑडिटोरियम पहुंची। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी जैनेन्द्र कुमार, अश्विनी प्रताप, चंद्र शेखर यादव, प्रमोद उपाध्याय, संजय कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।