सीएचसी में लगा विशेष एक्स-रे कैंप, टीबी मरीजों की हुई जांच
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। जिला क्षयरोग अधिकारी के निर्देश पर सघन टीबी रोगी खोज अभियान के तहत स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेष एक्स-रे कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का उद्देश्य क्षेत्र में टीबी के संभावित मरीजों की समय पर पहचान कर उन्हें उपचार उपलब्ध कराना था। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण जांच कराने के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। इस दौरान टीबी के संदिग्ध मरीजों की पहचान के लिए एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध कराई गई और लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया। सीएचसी प्रभारी डॉ. अवनीश चौधरी ने बताया कि अभियान के तहत लगातार मरीजों की खोज और जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि टीबी एक गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर जांच और इलाज से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी को दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी, बुखार, वजन कम होना या कमजोरी महसूस हो तो तुरंत जांच कराएं। कैंप के दौरान एक्स-रे टेक्नीशियन कन्हैया चौधरी ने एक्स-रे जांच की। वहीं डीआरए कीर्ति वर्मा ने मरीजों के पंजीकरण और अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।









