समस्याओं के समाधान के मिला आश्वासन, बहिष्कार किया स्थगित

निष्पक्ष जन अवलोकन

बदायूं/बिल्सी। तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं द्वारा विभिन्न समस्याओं को लेकर 6 फरवरी से उपजिलाधिकारी बिल्सी की न्यायालय में न्यायिक कार्यों का बहिष्कार किया जा रहा था। अधिवक्ताओं का कहना था कि लंबित समस्याओं के समाधान न होने के कारण यह निर्णय लिया गया था। जिला बार एसोसिएशन बदायूं के महासचिव संदीप कुमार मिश्रा एवं बार एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल के प्रयासों के बाद प्रशासनिक स्तर पर वार्ता हुई। इस दौरान जिलाधिकारी तथा उपजिलाधिकारी द्वारा अधिवक्ताओं की समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया। प्रशासन की ओर से सकारात्मक पहल और आश्वासन मिलने के उपरांत बार एसोसिएशन ने जारी बहिष्कार को स्थगित करने की घोषणा की है। एसोसिएशन अध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह और महासचिव ज्ञान सिंह त्यागी समेत पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से नहीं हुआ तो आगे की रणनीति पर पुनः विचार किया जाएगा।