समग्र शिक्षा अभियान के तहत समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिब्यांग बच्चों का 5 दिवसीय प्रशिक्षण
अजय रावत एडवोकेट।। सिरौलीगौसपुर बाराबंकी।समग्र शिक्षा अभियान (समेकित शिक्षा) के तहत जनपद बाराबंकी में समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिव्यांग बच्चों के लिए पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम कंपोजिट विद्यालय परसा 2 में आयोजित किया गया । कार्यक्रम का शुभारंभ स्पेशल एजुकेटर संतोष कुमार भारती , शिवम वर्मा ,उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष अर्चना मिश्रा एवं उपाध्यक्ष कंचन सिंह द्वारा मां सरस्वती जी की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर विधिवत किया गया । कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को समावेशी शिक्षा के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराना तथा दिव्यांग बच्चों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ने हेतु प्रभावी रणनीतियों से सशक्त बनाना है। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों द्वारा शिक्षकों को विशेष शिक्षण विधियों, व्यवहारिक तकनीकों तथा बच्चों की व्यक्तिगत आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षण कार्य करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही प्रत्येक बच्चे को समान अवसर प्रदान करते हुए उसकी प्रतिभा को विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। स्पेशल एजुकेटर संतोष कुमार भारती एवं शिवम वर्मा ने प्रशिक्षण सत्र में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि दिव्यांगता के विभिन्न कारणों—जैसे जन्मजात, पोषण की कमी, दुर्घटना अथवा अन्य स्वास्थ्य संबंधी कारणों—को समझना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने दिव्यांगता की पहचान के प्रारंभिक संकेतों, उसके प्रकारों (जैसे शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक, श्रवण एवं दृष्टि संबंधी) तथा उससे होने वाले दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने यह भी बताया कि समय रहते सही पहचान, उपचार एवं आवश्यक सहयोग मिलने पर दिव्यांग बच्चों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। प्रशिक्षण में दिव्यांगता की रोकथाम, निवारण एवं उपचार के उपायों पर भी प्रकाश डाला गया तथा शिक्षकों को यह समझाया गया कि ऐसे बच्चों की पहचान कर उन्हें विद्यालयी शिक्षा की मुख्यधारा से कैसे जोड़ा जाए। इस दौरान शिक्षकों को समावेशी कक्षा वातावरण तैयार करने, सहायक शिक्षण सामग्री के उपयोग तथा संवेदनशील व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। समावेशी शिक्षा को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ “सब पढ़े, सब बढ़े” के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। प्रशिक्षण में दिलीप तिवारी ,रुद्र प्रताप पाण्डेय,मो अली , अंजू मौर्य , शिप्रा रानी , शेखर रस्तोगी , नवीन मिश्रा ,सोनेलाल, दिलावर, श्यामू , तुषार सहित अनेक प्रतिभागी उपस्थित रहे।









