सड़क हादसों में युवक की मौत, पिकअप चालक समेत तीन घायल
निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। गोंडा-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर बीती रात अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पिकअप चालक सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, थाना मसौली क्षेत्र के सहाबपुर के पास पैदल जा रहे एक युवक को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान उदयराज पुत्र भगौती प्रसाद निवासी ग्राम मौथरी थाना जैदपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, गुरुवार भोर करीब 5 बजे इंदौर से गोंडा जा रही एक पिकअप बिन्दौरा गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में पिकअप चालक पवन पुत्र गंगा राम निवासी ग्राम मागपुर, अशोक पुत्र आशाराम निवासी मऊपुर (इंदौर) तथा सावन पुत्र मिशाद निवासी बड़ागांव वाहन में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची मसौली पुलिस व स्थानीय लोगों ने घंटों मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस से सीएचसी बड़ागांव पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।









