रेलवे ट्रैक किनारे अधेड़ का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
निष्पक्ष जन अवलोकन
रामशंकर वर्मा
रामनगर/बुढ़वल (बाराबंकी)। सुढ़ियामऊ रेलवे स्टेशन और बुढ़वल रेलवे स्टेशन के मध्य ग्राम खेतौरा के पास रेलवे ट्रैक किनारे गुरुवार देर रात एक अधेड़ का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस एवं स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम खेतौरा निवासी 55 वर्षीय मैनेजर गुरुवार रात घर पर भोजन करने के बाद सोने चले गए थे। देर रात उनका शव गांव के निकट रेलवे ट्रैक के किनारे क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा मिला। घटना की सूचना पर रेलवे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और स्थानीय पुलिस को भी अवगत कराया।
पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतक के पुत्र राज सिंह ने बताया कि उनके पिता रात में भोजन करने के बाद घर पर ही सो रहे थे। उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि वह घर से कब निकले और रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचे। उन्होंने कहा कि परिवार को घटना की जानकारी मिलने के बाद ही इस हादसे का पता चला।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।









