संपूर्ण समाधान दिवस का हुआ आयोजन
निष्पक्ष जन अवलोकन। रामशंकर वर्मा। रामनगर बाराबंकी। तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, एसडीएम आनंद कुमार तिवारी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए 10 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराकर लोगों को राहत दिलाई।समाधान दिवस मे प्राप्त शिकायतों के त्वरित व पारदर्शी निस्तारण पर जोर देते हुए डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में तत्काल राहत संभव हो, उनका निस्तारण मौके पर ही सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।कार्यक्रम के दौरान ग्राम अमोलीकला निवासी रमाकांत सिंह व पुरैना की श्रीमती झिन्ना की खतौनी में हुई लिपिकीय त्रुटि को मौके पर ही दुरुस्त कराया गया। वहीं ग्राम गर्री निवासी सुशील कुमार व अंकुल की शिकायत पर, बालिग होने के बावजूद नाबालिग दर्ज होने की त्रुटि को भी तत्काल सही कर संशोधित खतौनी उपलब्ध कराई गई। ग्राम भौसुरिया की रामवती को पति के मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए भटकना पड़ रहा था। डीएम के हस्तक्षेप पर संबंधित अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई कर कुछ ही मिनटों में प्रमाण पत्र जारी कर दिया। इसी प्रकार कुशबेहटा निवासी रोहित की राशन कार्ड में यूनिट न बढ़ने की शिकायत पर जिला पूर्ति अधिकारी को मौके पर बुलाकर आवश्यक कार्रवाई कराई गई।डीएम ने लंबित प्रकरणों के निस्तारण के लिए उपजिलाधिकारी को कम से कम 10 टीमों का गठन कर तत्काल फील्ड में भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी टीमें स्थलीय निरीक्षण कर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें और सायं तक रिपोर्ट प्रस्तुत करें।जनपद की सभी तहसीलों में आयोजित समाधान दिवस के तहत कुल 486 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 52 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं।









