संदिग्ध परिस्थितियों में पॉलिटेक्निक छात्र की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

निष्पक्ष जन अवलोकन

रामशंकर वर्मा

रामनगर, बाराबंकी। थाना क्षेत्र के ग्राम कटियारा में सोमवार को एक 21 वर्षीय पॉलिटेक्निक छात्र का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने प्रेम प्रसंग के विवाद में गांव के कुछ लोगों पर हत्या कर शव फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम कटियारा निवासी कीढ़ीलाल का पुत्र जितेंद्र सफेदाबाद स्थित एक संस्थान में पॉलिटेक्निक की पढ़ाई कर रहा था। छुट्टियों के दौरान वह अपने घर आया हुआ था। सोमवार को गांव स्थित दूसरे मकान में उसका शव फांसी के फंदे से लटका मिला। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की भाभी आरती चौहान ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि जितेंद्र की गांव की एक युवती से बातचीत होती थी, जिसे लेकर युवती के परिजनों द्वारा पूर्व में कई बार उसके साथ मारपीट की गई थी। उनका आरोप है कि सोमवार को भी कुछ लोग घर पहुंचे और मारपीट के बाद जितेंद्र की हत्या कर उसके शव को फांसी के फंदे से लटका दिया।

घटना की सूचना पर कोतवाल अरुण प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं।

कोतवाल अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है।