शिव शक्ति धाम मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा, जयकारों से गूंजा रामनगर
निष्पक्ष जन अवलोकन
रामशंकर वर्मा
रामनगर, बाराबंकी। नगर पंचायत स्थित श्री शिव शक्ति धाम भुईया माता मंदिर में आयोजित मां दुर्गा एवं श्री पशुपतिनाथ भगवान की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के चौथे दिन शनिवार को शिवलिंग, भुईया माता एवं अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियों का भव्य नगर भ्रमण कराया गया। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच निकली विशाल शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शोभायात्रा में भगवान शंकर, माता पार्वती एवं उनके गणों की मनमोहक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहीं। नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरती शोभायात्रा का जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। यात्रा तहसील के निकट स्थित हनुमान मंदिर, देवी मंदिर, नर्वदेश्वर महादेव मंदिर, गायत्री शक्तिपीठ, पंचमुखी हनुमान मंदिर एवं पक्का तालाब स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर पहुंची। इसके बाद शोभायात्रा लोधेश्वर महादेवा मंदिर पहुंची, जहां यजमानों द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया। तत्पश्चात शोभायात्रा पुनः शिव शक्ति धाम मंदिर पहुंची, जहां धार्मिक कार्यक्रम का समापन हुआ।
कस्बा अध्यक्ष रामशरण पाठक के नेतृत्व में निकाली गई शोभायात्रा के यजमान सोनू पाठक एवं उनकी पत्नी शोभा पाठक रहे। इस अवसर पर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी प्रवीण कुमार दुबे, सभासद अवनीश मिश्रा, इसरार केडी खान, मोहम्मद उस्मान, रमेश राठौर, टिंकू तिवारी, राजेश शुक्ला, उदय प्रताप, दयाशंकर तिवारी, रविकांत पांडेय, भाजपा नेता शिव प्रकाश अवस्थी, देवेंद्र मिश्रा, संजय, पंकज, मोनू पाठक, शिवमोहन त्रिपाठी, पुजारी तिवारी, वंदना, गोल्डी, सोनम वर्मा, चांदनी, रामकरन शर्मा, बल्लू बाबा, योगेंद्र मिश्रा, सुफियान, केके तिवारी, त्रिभुवन मौर्य, मुन्ना जायसवाल, चंद्रभूषण पांडेय सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
शोभायात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए कोतवाल अरुण प्रताप सिंह, अतिरिक्त थाना प्रभारी राजबहादुर सरोज, उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र तथा पुलिस बल पूरे मार्ग पर तैनात रहा। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से परिपूर्ण इस आयोजन ने पूरे नगर को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।









