शिक्षकों को टीईटी से मुक्ति एवं पुरानी पेंशन सहित विभिन्न समस्याओं पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा
अजय रावत निष्पक्ष जन अवलोकन बाराबंकी।अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के राष्ट्रीय कार्यालय, जनकपुरी, नई दिल्ली में आज राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील कुमार पाण्डेय से भेंट कर शिक्षकों की विभिन्न राष्ट्रीय एवं प्रांतीय समस्याओं को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की गई। बैठक में प्रमुख रूप से कार्यरत शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से मुक्त किए जाने तथा इस संबंध में भारत सरकार द्वारा शीघ्र ही संसद में आवश्यक प्रस्ताव लाकर सकारात्मक निर्णय किए जाने की मांग पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके साथ ही पुरानी पेंशन योजना की बहाली, शिक्षकों की सेवा सुरक्षा, पदोन्नति, वेतन विसंगतियों, स्थानांतरण, प्रशिक्षण एवं अन्य शिक्षक हित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील कुमार पाण्डेय जी ने कहा कि संगठन देशभर के शिक्षकों की समस्याओं के समाधान हेतु निरंतर संघर्षरत है तथा विभिन्न स्तरों पर प्रभावी पैरवी कर रहा है। उन्होंने शिक्षकों के हितों से जुड़े मुद्दों को सरकार के समक्ष मजबूती से रखने का आश्वासन दिया। बैठक में राष्ट्रीय संगठन पदाधिकारी घनश्याम प्रसाद यादव, राजकुमार पटेल, मनोज कुमार, श्याम किशोर बाजपेई, अनुज त्यागी, संजय पांडे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला आईटी सेल एवं मीडिया प्रभारी, बाराबंकी दिलीप कुमार तिवारी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष से शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं एवं संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की। बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने शिक्षकों के अधिकारों, सम्मान एवं हितों की रक्षा हेतु एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।









