शहीद हरिश्चंद्र अग्रवाल की स्मृति में मरीजों व कामगारों को बांटे गए फल

शहीद हरिश्चंद्र अग्रवाल की स्मृति में मरीजों व कामगारों को बांटे गए फल

निष्पक्ष जन अवलोकन।

रत्नाकर पांडेय।

टिकैतनगर। व्यापारी हितों के लिए संघर्ष करते हुए 26 मई 1979 को पुलिस गोलीकांड में शहीद हुए व्यापारी नेता हरिश्चंद्र अग्रवाल की स्मृति में मंगलवार को श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल के निर्देशन में विधानसभा दरियाबाद एवं टिकैतनगर कमेटी द्वारा आयोजित किया गया।

इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टिकैतनगर तथा जेडी हॉस्पिटल में मरीजों, तीमारदारों और कामगारों को फल वितरित कर शहीद व्यापारी नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों एवं सामाजिक लोगों ने कहा कि हरिश्चंद्र अग्रवाल ने व्यापारी हितों और संगठन की मजबूती के लिए संघर्ष किया था। उनका बलिदान आज भी व्यापारी समाज को एकजुट होकर समाजहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है। उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया।

इसके बाद व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं स्थानीय व्यापारियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टिकैतनगर पहुंचकर भर्ती मरीजों को फल वितरित किए। वहीं जेडी हॉस्पिटल में भी मरीजों और कामगारों के बीच फल बांटे गए। इस पहल की मरीजों एवं उनके परिजनों ने सराहना की।

इस अवसर पर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री फक्कड़ शर्मा, विधानसभा प्रभारी बृज किशोर सोनी, पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी मुन्ना राईन, नगर मंत्री सोनू शर्मा, अक्षय मिश्रा, नगर उपाध्यक्ष सरवन कसेरा, सुनील मौर्य, व्यापारी नेता राजू मौर्य, मीडिया प्रभारी विष्णु जोशी, डॉ. सियाराम कौशल, कोषाध्यक्ष राकेश कौशल, ननकू मामा, धीरेंद्र शुक्ला, मोनू तिवारी, पूर्व लेखपाल अवधेश सिंह, सिराज अहमद, रमजान अहमद, याकूब, मनु नेता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में व्यापारियों ने शहीद हरिश्चंद्र अग्रवाल के बताए मार्ग पर चलने और व्यापारी समाज की एकता बनाए रखने का संकल्प लिया।