महाराणा प्रताप के सम्मान में उमड़ा जनसैलाब, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया भव्य प्रतिमा का अनावरण

महाराणा प्रताप के सम्मान में उमड़ा जनसैलाब, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया भव्य प्रतिमा का अनावरण
महाराणा प्रताप के सम्मान में उमड़ा जनसैलाब, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया भव्य प्रतिमा का अनावरण

निष्पक्ष जन अवलोकन। शिवम् सिकरवार ब्यूरो चीफ। आगरा। रविवार को शमसाबाद की धरती इतिहास के स्वर्णिम पलों की साक्षी बनी, जब भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हजारों लोगों की मौजूदगी में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। समारोह में उमड़े जनसैलाब ने महाराणा प्रताप के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा और भारत माता की जय तथा महाराणा प्रताप अमर रहें के नारों से वातावरण गूंज उठा। खेरिया एयरफोर्स स्टेशन पहुंचने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ और पटका पहनाकर जोरदार स्वागत किया। इसके बाद उनका काफिला शमसाबाद पहुंचा, जहां पहले से हजारों लोग उनकी एक झलक पाने के लिए मौजूद थे। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के बीच महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण होते ही पूरा परिसर तालियों और जयघोष से गूंज उठा। मुख्य मंच पर पहुंचने पर पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्मृति चिह्न, गदा और मोमेंटो भेंट कर रक्षा मंत्री का अभिनंदन किया। अपने संबोधन की शुरुआत भारत माता की जय के उद्घोष के साथ करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि शमसाबाद में लंबे समय बाद आने का अवसर मिला है और यहां के लोगों का प्रेम और स्नेह उन्हें भावुक कर रहा है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप भारतीय इतिहास के ऐसे महानायक हैं, जिन्होंने सत्ता, वैभव और सुख-सुविधाओं की बजाय राष्ट्र सम्मान और स्वतंत्रता को चुना। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप चाहते तो अकबर से समझौता कर राजमहलों में ऐश्वर्यपूर्ण जीवन जी सकते थे, लेकिन उन्होंने पत्थरों पर सोना स्वीकार किया, जंगलों में भटकना स्वीकार किया, घास की रोटियां खाना स्वीकार किया, पर मातृभूमि का सम्मान गिरवी रखना स्वीकार नहीं किया। राजनाथ सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन हमें सिखाता है कि राष्ट्र और आत्मसम्मान से बड़ा कोई समझौता नहीं हो सकता। यही कारण है कि सदियों बाद भी उनके प्रति देशवासियों का सम्मान और श्रद्धा कम नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि भारत की माताएं आज भी अपने बच्चों को महाराणा प्रताप के साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति की कहानियां सुनाती हैं। मोदी के नेतृत्व में बढ़ा भारत का मान रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले 12 वर्षों में विश्व मंच पर अपनी अलग पहचान बनाई है। पहले भारत की बात को दुनिया उतनी गंभीरता से नहीं सुनती थी, लेकिन आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत जो कहता है, उसे पूरा विश्व सुनता और सम्मान देता है। उन्होंने कहा कि भारत अब कमजोर राष्ट्र नहीं, बल्कि विश्व की प्रमुख शक्तियों में शामिल हो चुका है। आतंकवाद को दिया करारा जवाब राजनाथ सिंह ने कहा कि पहले आए दिन आतंकवादी घटनाएं होती थीं और सरकारें केवल बयान देकर रह जाती थीं, लेकिन आज भारत आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि देश ने देखा है कि भारत अपनी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों को किस प्रकार जवाब देता है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की आतंकवादी गतिविधियों के बाद सिंधु जल समझौते को निलंबित किया गया और स्पष्ट संदेश दिया गया कि भारत का पानी अब पाकिस्तान नहीं जाएगा। भारत शांति चाहता है, लेकिन देश की सुरक्षा और सम्मान से कोई समझौता नहीं करेगा। किसानों और गरीबों के लिए समर्पित सरकार रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा की राजनीति सत्ता प्राप्त करने की नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की राजनीति है। आयुष्मान भारत योजना से गरीबों को मुफ्त इलाज मिल रहा है, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करोड़ों लोगों को पक्के मकान मिले हैं और हर घर जल योजना के माध्यम से गांव-गांव तक पेयजल पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता पहुंचाई जा रही है। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गन्ना किसानों को रिकॉर्ड भुगतान किया गया है। आज दुनिया के बड़े-बड़े निवेशक भारत में निवेश कर रहे हैं, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। मंजू भदौरिया ने उठाया आलू किसानों का मुद्दा कार्यक्रम की मुख्य आयोजक जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने अपने संबोधन में कहा कि महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण शमसाबाद ही नहीं, पूरे आगरा जनपद के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्र समर्पण का सर्वोच्च उदाहरण है। उन्होंने क्षेत्र के आलू किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि आगरा जनपद आलू उत्पादन में अग्रणी है, लेकिन किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आलू किसानों के लिए कोल्ड स्टोरेज व्यवस्था को मजबूत करने, प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना और फसल का उचित मूल्य सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसान मजबूत होगा तो देश मजबूत होगा। बड़ी संख्या में मौजूद रहे जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, सांसद राजकुमार चाहर, राज्यसभा सदस्य नवीन जैन, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य, होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा मंत्री धर्मवीर प्रजापति, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, डॉ. जीएस धर्मेश, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, छोटे लाल वर्मा, भगवान सिंह कुशवाह, एमएलसी विजय शिवहरे, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं हजारों की संख्या में नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर लोगों ने इसे शमसाबाद के इतिहास के सबसे बड़े और यादगार आयोजनों में से एक बताया।