विद्यालय में वार्षिक उत्सव व पुस्तक वितरण समारोह संपन्न

निष्पक्ष जन अवलोकन रामनगर, बाराबंकी। विकासखंड रामनगर के प्राथमिक विद्यालय अगानपुर में वार्षिक उत्सव, प्रगति पत्र वितरण एवं नवीन सत्र के पुस्तक वितरण समारोह का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्रा जी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की बढ़ती गुणवत्ता और निरंतर हो रही प्रगति पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल की सराहना करते हुए अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का नामांकन शीघ्र सरकारी विद्यालयों में कराएं, ताकि वे उत्कृष्ट शिक्षा के साथ-साथ शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें। कार्यक्रम में प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष लोकेश शुक्ला, शिक्षिकाएं ज्योति पांडे, वंदना, प्रियंका वर्मा, कविता, शिखा तथा शिक्षक सतीश कमल सहित सभी एआरपी (ARP), भानु सिंह, राम प्रताप मिश्रा, ऋषभ एवं ग्राम प्रधान सहित अनेक अभिभावक उपस्थित रहे। समारोह के दौरान उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को प्रगति पत्र एवं पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन नागेंद्र सिंह ने किया, जबकि अंत में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अल्पना वर्मा ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों और अभिभावकों का हृदय से आभार व्यक्त किया।