विकासखंड मानिकपुर के ग्राम पंचायत कल्याणपुर में जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का सफल आयोजन संपन्न हुआ।
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट।शासन की मंशानुरूप जनसामान्य की समस्याओं के मौके पर निस्तारण एवं शासकीय योजनाओं की पहुंच अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने हेतु आज विकासखंड मानिकपुर के ग्राम पंचायत कल्याणपुर में जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का सफल आयोजन संपन्न हुआ। ग्राम रामपुर कल्याण से आए ग्रामीणों ने क्षेत्र में व्याप्त विद्युत संबंधी समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए अधिशासी अभियंता (विद्युत) को निर्देशित किया कि विद्युत आपूर्ति एवं बुनियादी ढांचे से जुड़ी सभी शिकायतों का समयबद्ध सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। चौपाल में पेयजल की समस्या का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। अधिशासी अभियंता (जल निगम) ने अवगत कराया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत आगामी 31 मार्च तक संबंधित ग्राम पंचायतों में नियमित जलापूर्ति सुचारू कर दी जाएगी। कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने स्टॉल एवं संवाद के माध्यम से अपनी-अपनी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनमानस को दी, ताकि पात्र व्यक्ति लाभान्वित हो सकें। चकरोट, चकबंदी एवं राजस्व विभाग से संबंधित प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ किया जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी देवी प्रसाद पाल, उपजिलाधिकारी मानिकपुर, मुहम्मद जसीम, परियोजना निदेशक श्रीसत्य राम यादव ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिशासी अभियंता एवं भारी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।