रेलवे ट्रैक किनारे अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र के मुडौली गांव के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है। सुबह ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो मौके पर देखते ही देखते भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। काफी प्रयासों के बावजूद मृतक की पहचान से जुड़ा कोई सुराग नहीं मिल सका। शव की तलाशी में भी कोई दस्तावेज या मोबाइल बरामद नहीं हुआ। घटना की सूचना रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को भी दी गई। प्रारंभिक जांच में युवक की मौत ट्रेन से गिरने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अन्य बिंदुओं पर भी जांच जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के थानों में उसकी पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।









