राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर विज्ञान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
निष्पक्ष जन अवलोकन बाराबंकी। जिला विज्ञान क्लब के तत्वावधान में सोमवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर तहसील फतेहपुर स्थित वारिस चिल्ड्रेन्स एकेडेमी इंटर कॉलेज में विज्ञान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महान वैज्ञानिक सर सी. वी. रमन के कार्यों, योगदान तथा रमन प्रभाव पर विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिए। साथ ही विद्यार्थियों के बीच भाषण, पोस्टर और विज्ञान रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विज्ञान के साथ नैतिकता जरूरी : विधायक मुख्य अतिथि विधायक साकेन्द्र प्रताप वर्मा ने कहा कि आज की सबसे बड़ी चुनौती विज्ञान के साथ नैतिकता का समावेश करना है। उन्होंने कहा कि नैतिक मूल्यों के बिना विज्ञान मानवता के लिए सार्थक नहीं हो सकता। विशेषज्ञों ने वैज्ञानिक सोच पर दिया जोर स्काउट गाइड के मुख्यायुक्त डॉ. राम कुमार गिरि ने कहा कि लोक कल्याण के लिए विज्ञान का उपयोग उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। प्रधानाचार्य परिषद के जिलाध्यक्ष दिनेश चंद्र पाण्डेय ने विद्यार्थियों से वैज्ञानिक जिज्ञासा को विकसित करने की अपील की। वहीं डाइट के प्रवक्ता राहुल सिंह सूर्यवंशी तथा भौतिकी प्रवक्ता नरेन्द्र कुमार पाण्डेय ने विज्ञान के माध्यम से जीवन में प्रगति और चुनौतियों के समाधान पर प्रकाश डाला। प्रतियोगिताओं के विजेता हुए सम्मानित भाषण प्रतियोगिता में समीक्षा श्रीवास्तव प्रथम, वंशिका पटेल द्वितीय और अभिषेक श्रीवास्तव तृतीय स्थान पर रहे। पोस्टर प्रतियोगिता में अन्वेषा वर्मा प्रथम, सुष्मिता द्वितीय और ममता सिंह तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं विज्ञान रंगोली प्रतियोगिता में वारिस चिल्ड्रेन्स एकेडेमी इंटर कॉलेज प्रथम, जीजीआईसी फतेहपुर द्वितीय और सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज तृतीय स्थान पर रहा। कार्यक्रम का संचालन जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक आशीष पाठक ने किया तथा अंत में प्रधानाचार्या कमलेश शुक्ला ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में कई विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।









