रामनगर में 16 वर्षीय किशोर ने फांसी लगाकर दी जान, परिजनों ने मोहल्ले के लोगों पर प्रताड़ना का लगाया आरोप

निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल रामनगर (बाराबंकी): रामनगर थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव में एक 16 वर्षीय किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान यश सोनी (16) पुत्र बिरजू सोनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मूल रूप से गोंडा जनपद के बालूपुर बाजार का निवासी था और अपने पिता के साथ इब्राहिमपुर गांव में किराए के मकान में रहता था। घटना बुधवार दोपहर बाद की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार यश अपने घर के कमरे में दुपट्टे के सहारे छत के छल्ले से लटका हुआ मिला। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रामनगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता बिरजू सोनी पिछले पांच वर्षों से इब्राहिमपुर गांव में सोनार की दुकान चलाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि मोहल्ले के कुछ लोग उनके बेटे को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे और उसे धमकियां दे रहे थे। उनका कहना है कि इसी मानसिक दबाव के कारण यश ने यह आत्मघाती कदम उठाया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि परिजनों से तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अनिल पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।