रनियां पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बाइक से ले जाई जा रही 225 क्वार्टर अवैध शराब बरामद, दो शातिर तस्कर गिरफ्तार

रनियां पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बाइक से ले जाई जा रही 225 क्वार्टर अवैध शराब बरामद, दो शातिर तस्कर गिरफ्तार

निष्पक्ष इन अवलोकन।

अंकित तिवारी।

कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रनियां थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल से 225 क्वार्टर अवैध देशी शराब बरामद करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। उपनिरीक्षक रामवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम रायपुर–गजनेर रोड पर इको स्पेयर लिमिटेड फैक्ट्री के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कानपुर की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बाइक पर लदी एक बोरी से पांच पेटी अवैध देशी शराब बरामद हुई, जिसमें कुल 225 क्वार्टर शराब पाई गई। मौके से गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान औरैया जनपद के बेला थाना क्षेत्र के कैथावा निवासी गुलशन तथा कानपुर नगर के चौबेपुर थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर निवासी अमन सिंह के रूप में हुई है। थाना प्रभारी शिवनारायन सिंह ने बताया कि बरामद अवैध शराब की अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपये है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।