युवक ने फंदा लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी
निष्पक्ष जन अवलोकन
रत्नाकर पांडेय
टिकैतनगर (बाराबंकी)। थाना टिकैतनगर क्षेत्र के ग्राम रायपुर में एक युवक द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से परिवार में कोहराम मच गया तथा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रायपुर निवासी 24 वर्षीय ऋषभ उर्फ सत्यम पुत्र विनोद कुमार अवस्थी ने घर के पीछे बने टीन शेड में साड़ी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी परिजनों को होने पर घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तत्काल स्थानीय लोगों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया।
मौके पर रानीकटरा निवासी देवानंद पांडे सहित अन्य लोगों की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय बाराबंकी भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आत्महत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है।









