मिशन शक्ति के तहत नहामऊ में जागरूकता कार्यक्रम, महिलाओं को सुरक्षा व अधिकारों की दी गई जानकारी

निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह मसौली (बाराबंकी)। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे चैत्र नवरात्र मिशन शक्ति फेज-05 के अंतर्गत ग्राम नहामऊ में मसौली पुलिस द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं तथा सरकार द्वारा जारी टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद करते हुए चौकी प्रभारी त्रिलोकपुर संजय यादव ने कहा कि महिलाएं शक्ति की प्रतीक हैं और जिस परिवार में महिलाओं का सम्मान नहीं होता, वह परिवार कभी उन्नति नहीं कर सकता। उन्होंने बालिकाओं को मोबाइल का सकारात्मक उपयोग करने की सलाह देते हुए कहा कि न तो गलत करें और न ही गलत सहन करें, तभी सच्चे अर्थों में नारी शक्ति का सशक्तिकरण संभव है। इस दौरान सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन आदि की भी विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही ड्रोन तकनीक से जुड़ी जानकारी भी साझा की गई। महिला आरक्षी रेवती देवी एवं प्रतिमा शाक्य ने महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों—112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 1090 (वूमेन पावर हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 108 (एंबुलेंस सेवा), 1930 (साइबर अपराध हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 102 (स्वास्थ्य सेवा) एवं 101 (अग्निशमन सेवा) के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही मिशन शक्ति अभियान के तहत नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन, एंटी रोमियो अभियान, साइबर अपराध, यातायात नियम, बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट, नए कानून, घरेलू हिंसा तथा गुड टच-बैड टच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। इस मौके पर हेड कांस्टेबल रामप्रकाश वर्मा, रंजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।