मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक
निष्पक्ष जन अवलोकन V.r.j फतेहपुर (बाराबंकी)। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर जिले में महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-5 अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना बड्डूपुर क्षेत्र के ग्राम कुआंडाडा में नारी सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, साइबर सुरक्षा एवं यातायात नियमों को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी अधिकारी के नेतृत्व में ‘शक्ति टीम’ द्वारा किया गया। टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक योगेंद्र मिश्रा, उप निरीक्षक अनिल पांडे, कांस्टेबल अंकित मौर्य तथा महिला कांस्टेबल अनुराधा बाजपेई शामिल रहीं। उन्होंने गांव की महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आत्मनिर्भरता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान घरेलू हिंसा, बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट तथा गुड टच-बैड टच जैसे संवेदनशील विषयों पर सरल भाषा में जागरूक किया गया। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त टीम ने यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया। उपस्थित महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों—1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1090 (वूमेन पावर लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 1930 (साइबर हेल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 108 (एंबुलेंस सेवा) और 102 (स्वास्थ्य सेवा)—की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी आपात स्थिति में बिना झिझक इन सेवाओं का उपयोग करें और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें।









