माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी पर 2400 दीपों से हुआ भव्य दीप यज्ञ

माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी पर 2400 दीपों से हुआ भव्य दीप यज्ञ

निष्पक्ष जन अवलोक राम लक्ष्मण बड्डूपुर (बाराबंकी): युगांतर विद्या मंदिर, झरसवां में अखिल विश्व गायत्री परिवार की संस्थापिका वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी के अवसर पर भव्य दीप यज्ञ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कुर्सी विधानसभा क्षेत्र के विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस दौरान विद्यालय के प्रबंधक सूर्यातोष सिंह ने माता जी के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने गायत्री परिवार के माध्यम से नारी सशक्तीकरण का जो आदर्श प्रस्तुत किया, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है। उनकी आत्मीयता और समर्पण से ही गायत्री परिवार जैसा विशाल संगठन खड़ा हो सका। विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि भारत को समझने के लिए उसकी संस्कृति को समझना आवश्यक है, और भारतीय संस्कृति को जानने के लिए गायत्री परिवार तथा माता जी के जीवन दर्शन को समझना बेहद जरूरी है। इसके उपरांत गायत्री शक्तिपीठ निंदूरा की संगीत टोली ने युग संगीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। टोली नायक मृगेंद्र मौर्य ने छात्रों एवं गुरुजनों को संबोधित करते हुए विश्व शांति का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में 2400 दीपकों के साथ भव्य दीप यज्ञ संपन्न हुआ। इस अवसर पर डॉ. रामकुमार गिरि, भानु प्रताप सिंह, पवन वर्मा, आशुतोष आसू, सुनील हर्ष सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।