मसौली में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई ईद-उल-फितर, अमन-चैन व भाईचारे की मांगी गई दुआएं
निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह मसौली (बाराबंकी)। पवित्र माह रमजान के 30 रोजों के बाद चांद का दीदार होने पर रविवार को ईद-उल-फितर का त्योहार क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मस्जिदों व ईदगाहों पर नमाज अदा कर लोगों ने अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआएं मांगीं। शुक्रवार को हुई तेज बारिश के बाद मौसम खुशनुमा हो गया, जिससे ईद की रौनक और बढ़ गई। क्षेत्र की ईदगाहों पर मेले जैसा माहौल देखने को मिला। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। सभी वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए आपसी सौहार्द और एकता का संदेश दिया। कस्बा बड़ागांव स्थित ईदगाह में मौलाना सगीर अहमद ने ईद-उल-फितर की नमाज अदा कराई और कौमी एकता व खुशहाली के लिए दुआएं मांगीं। वहीं, मसौली कस्बे में मौसम खराब होने के कारण मस्जिदों में ही नमाज अदा की गई। क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर भी नमाज अदा की गई, जिनमें शहाबपुर में मौलाना इमरान नदवी, सुरसंडा में मौलवी समीनुद्दीन हशमती, बांसा में हाफिज गुलाम मुस्तफा, सआदतगंज में हाफिज सिराजुद्दीन, रामपुर कटरा में मौलाना अरकम, सैदनपुर में पेश इमाम मसीउद्दीन, दादरा में पेश इमाम नूर मोहम्मद सहित रसौली, जकरिया और उधौली की ईदगाहें शामिल रहीं। नमाज के बाद खुतबा पढ़ा गया और देश में अमन-चैन की दुआ की गई। त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश त्रिपाठी, वरिष्ठ उप निरीक्षक शमशाद अली, राशिद अली तथा सफदरगंज के प्रभारी निरीक्षक अमर कुमार चौरसिया पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे।









