भव्य कलश यात्रा के साथ मां दुर्गा एवं भगवान पशुपतिनाथ प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ
निष्पक्ष जन अवलोकन
रामशंकर वर्मा
रामनगर (बाराबंकी)। नगर पंचायत क्षेत्र स्थित श्री शिव शक्ति धाम भुईयां माता मंदिर में मां दुर्गा एवं भगवान श्री पशुपतिनाथ की प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ बुधवार को भव्य कलश यात्रा एवं वैदिक धार्मिक अनुष्ठानों के साथ श्रद्धा एवं उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, महिलाओं एवं क्षेत्रवासियों ने भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित किया।
महोत्सव के प्रथम दिन नगर पंचायत अध्यक्ष रामशरण पाठक के नेतृत्व में मंदिर परिसर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा कस्बे के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए सरयू नदी तट पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सैकड़ों महिलाओं ने कलशों में पवित्र जल भरा। इसके बाद श्रद्धालु पुनः मंदिर परिसर पहुंचे, जहां यात्रा का समापन हुआ।
मंदिर परिसर में विद्वान आचार्य पंडित राम नरेश शास्त्री द्वारा वैदिक विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ कलश स्थापना कराई गई। वहीं आचार्य दुर्गेश कुमार शास्त्री, योगेश कुमार शास्त्री, शशि शेखर तिवारी, अर्पित मिश्रा, अरुण शुक्ला, पप्पू शुक्ला एवं पंकज पांडेय सहित अन्य विद्वानों ने विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए।
आयोजकों ने बताया कि प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत छह दिनों तक निरंतर पूजा-अर्चना, यज्ञ, धार्मिक अनुष्ठान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव के दौरान मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा, दीपोत्सव एवं भजन संध्या का भी आयोजन किया जाएगा।
महोत्सव के समापन अवसर पर 29 जून को कन्या भोज एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालुओं एवं आमजन को प्रसाद ग्रहण कराने की व्यवस्था की गई है।
इस अवसर पर पूर्व सभासद दयाशंकर तिवारी, सोनू पाठक, सोनम वर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण एवं जयकारों से गूंजता रहा।









