भतीजे के साथ फरार हुई दो बच्चों की मां, घर से लाखों की नकदी व जेवरात भी ले गई
निष्पक्ष जन अवलोकन | विजय राम जायसवाल
फतेहपुर (बाराबंकी)। देवा थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले से पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। दो मासूम बच्चों की मां अपने ही भतीजे के साथ घर छोड़कर फरार हो गई। आरोप है कि वह जाते समय घर में रखी 1 लाख 30 हजार रुपये नकद और लगभग 3 लाख रुपये मूल्य के जेवरात भी साथ ले गई। पीड़ित पति ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
देवा कस्बे के मोहल्ला शेख-2 निवासी अल्लारखा पुत्र बाबू वारसी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब 15 वर्ष पूर्व उनका निकाह साजिदा बानो से हुआ था। उनसे दो बच्चे हैं। अल्लारखा के अनुसार उनकी पत्नी की नजदीकियां उनके बड़े भाई ताज हुसैन के बेटे सिराज से बढ़ गई थीं। उन्हें इस संबंध की भनक तक नहीं लगी।
पीड़ित के मुताबिक 11 फरवरी 2026 को वह रोजी-रोटी के सिलसिले में हैदरगढ़ गया हुआ था। इसी दौरान दोपहर लगभग दो बजे साजिदा ने घर में रखी 1.30 लाख रुपये नकदी और करीब 3 लाख रुपये के जेवरात समेटे और दोनों बच्चों को घर में छोड़कर सिराज के साथ फरार हो गई। घटना की जानकारी उन्हें तब मिली जब उनके दूसरे भतीजे मेराज ने फोन कर बताया कि उनकी पत्नी घर से गायब है और नकदी व जेवरात भी नहीं मिल रहे हैं।
सूचना मिलते ही अल्लारखा घर पहुंचे और मामले की शिकायत देवा पुलिस से की। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। पति ने यह भी स्पष्ट किया कि वह पत्नी को वापस अपने साथ नहीं रखना चाहते और कानूनी कार्रवाई चाहते हैं।
देवा पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे प्रकरण का खुलासा किया जाएगा।