भक्ति के रंग में सराबोर वृंदावन, रंगभरनी एकादशी पर उमड़ा आस्था का सैलाब

भक्ति के रंग में सराबोर वृंदावन, रंगभरनी एकादशी पर उमड़ा आस्था का सैलाब

निष्पक्ष जन अवलोकन 

राहुल शर्मा 

वृंदावन। धर्म नगरी वृंदावन में रंगभरनी एकादशी के पावन अवसर पर भक्ति, उल्लास और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। बसंत पंचमी से प्रारंभ हुआ होली महोत्सव इस दिन अपने चरम पर पहुंच गया। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर सहित प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां देश-विदेश से आए लाखों भक्तों ने ठाकुरजी संग होली खेलने का सौभाग्य प्राप्त किया। प्रातःकाल मंदिर के पट खुलते ही सेवायत गोस्वामियों द्वारा ठाकुरजी की ओर से श्रद्धालुओं पर अबीर-गुलाल की वर्षा की गई। पूरा मंदिर परिसर “बांकेबिहारी लाल की जय” के जयघोष से गूंज उठा। भक्तजन प्रसादी गुलाल में सराबोर होकर स्वयं को धन्य मानते नजर आए। मंदिर प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निकास द्वार संख्या-1 पर विशाल एलईडी स्क्रीन लगाई गई, जिसके माध्यम से मंदिर के भीतर चल रहे कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण किया गया, ताकि अधिक भीड़ के बीच भी भक्त सुगमता से दर्शन कर सकें। वहीं पंचकोसीय परिक्रमा मार्ग पर भी आस्था की अविरल धारा बहती दिखाई दी। श्रद्धालुओं की टोलियां राधा-कृष्ण के जयकारे लगाते और होली के पारंपरिक रसिया गाते हुए परिक्रमा करती रहीं। हवा में उड़ता गुलाल और रंगों की फुहारों ने संपूर्ण वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। प्रमुख चौराहों, मंदिर क्षेत्र और परिक्रमा मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने स्वयं मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुलभ दर्शन सुनिश्चित हो सके। रंगभरनी एकादशी पर वृंदावन एक बार फिर भक्ति और प्रेम के रंगों से सराबोर नजर आया।