बैंक ऑफ इंडिया के एनपीए खाताधारकों के लिए लगा एकमुश्त समाधान शिविर

बैंक ऑफ इंडिया के एनपीए खाताधारकों के लिए लगा एकमुश्त समाधान शिविर

निष्पक्ष जन अवलोकन। रत्नाकर पांडेय।

टिकैतनगर, बाराबंकी। नगर पंचायत कार्यालय परिसर में बुधवार को बैंक ऑफ इंडिया द्वारा एनपीए (गैर निष्पादित परिसंपत्ति) खाताधारकों के लिए एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में खाताधारकों ने पहुंचकर योजना का लाभ उठाया और अपने बकाया ऋण खातों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की।

शिविर का शुभारंभ उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सरोज, नगर पंचायत अध्यक्ष जगदीश प्रसाद गुप्ता, बैंक ऑफ इंडिया के उप महाप्रबंधक राजेश कुमार तथा आंचलिक प्रबंधक अजय कुमार श्रीवास्तव ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम के दौरान बैंक अधिकारियों ने खाताधारकों को एकमुश्त समाधान योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए समय पर ऋण अदायगी के महत्व पर प्रकाश डाला। उप महाप्रबंधक राजेश कुमार ने कहा कि बैंक की विभिन्न योजनाओं का लाभ तभी प्रभावी रूप से मिल सकता है, जब ग्राहक समय से अपने ऋणों का भुगतान करें। उन्होंने ऋण चूक के कारण होने वाले वित्तीय नुकसान और समय पर भुगतान के लाभों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।

आंचलिक प्रबंधक अजय कुमार श्रीवास्तव ने योजना के अंतर्गत दी जा रही रियायतों की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक पात्र खाताधारकों से इसका लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह योजना बकाया ऋणों के निस्तारण का एक सुनहरा अवसर है, जिससे खाताधारक अपने वित्तीय दायित्वों को सरलता से पूरा कर सकते हैं।

शिविर में पहुंचे सैकड़ों खाताधारकों ने अपने ऋण खातों का निस्तारण कराया तथा बकाया धनराशि जमा कर योजना का लाभ प्राप्त किया। बैंक अधिकारियों के अनुसार ऐसे शिविरों का उद्देश्य पुराने बकाया ऋणों का समाधान करना तथा ग्राहकों को पुनः बैंकिंग सेवाओं से जोड़ना है।

कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्र के बड़ी संख्या में खाताधारकों की उपस्थिति रही।