बहन की शादी से चार दिन पहले भाई का शव पेड़ से लटका मिला, घर में मातम शौच के लिए निकले युवक की संदिग्ध मौत, हत्या या आत्महत्या पर उठे सवाल

निष्पक्ष जन अवलोकन नूर मोहम्मद मसौली (बाराबंकी)। चार दिन बाद बहन की शादी में लाल जोड़े में विदाई की तैयारी कर रहे भाई का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बाग में पेड़ से लटका मिलने से पूरे घर में कोहराम मच गया। मृतक रविवार देर शाम शौच के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सफदरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मदरहा मजरे डूडी में सोमवार सुबह यह खबर जैसे ही फैली, पूरे गांव में सनसनी फैल गई। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शहनाई बजनी थी, वहां चीख-पुकार और सिसकियों का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी पवन कुमार वर्मा का 22 वर्षीय पुत्र शिवम वर्मा रविवार शाम शौच के लिए घर से निकला था। देर रात तक वापस न आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह गांव के बाहर एक बाग में शिवम का शव बेल्ट के सहारे पेड़ से लटका मिला। शिवम की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। जो युवक अपनी बहन की शादी की तैयारियों में दिन-रात जुटा था, उसी के घर अब उसकी अर्थी उठने की तैयारी होने लगी। जिस बहन ने भाई के हाथों शादी के कार्ड बंटवाने का सपना देखा था, वह अब भाई के निर्जीव शरीर को देखकर बेसुध है। घर में जहां मेहंदी और गीतों की गूंज होनी थी, वहां सन्नाटा पसरा है। मां नीलम देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की मां का आरोप है, “मेरे बेटे को किसी ने मारकर लटका दिया… हमारा किसी से क्या बैर था?” परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला आत्महत्या का है या सुनियोजित हत्या का। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।