लखनऊ हादसे के बाद मथुरा में बड़ी कार्रवाई, आकाश इंस्टीट्यूट सील

लखनऊ हादसे के बाद मथुरा में बड़ी कार्रवाई, आकाश इंस्टीट्यूट सील

निष्पक्ष जन अवलोकन

राहुल शर्मा 

थुरा। लखनऊ में कोचिंग संस्थान से जुड़े हादसे के बाद मथुरा प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा के नेतृत्व में फायर विभाग, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (एमवीडीए) तथा पुलिस की संयुक्त टीम ने भूतेश्वर रोड स्थित अतुल टावर में संचालित आकाश इंस्टीट्यूट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियां मिलने पर संस्थान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। जांच के दौरान टीम ने पाया कि संस्थान तक पहुंचने का मार्ग लोहे की सीढ़ियों से बना हुआ था, जबकि प्रवेश और निकास के रास्ते अत्यंत संकरे थे। स्थिति इतनी गंभीर थी कि निरीक्षण के दौरान छात्रों को एक-एक कर बाहर निकालना पड़ा। इसके अलावा कई फायर बॉक्स खाली मिले, बिजली के तार खुले पाए गए तथा आपातकालीन निकासी की सीढ़ियां सीधे बेसमेंट में खुलती मिलीं, जो सुरक्षा मानकों के विपरीत है। हालांकि संस्थान प्रबंधन द्वारा फायर एनओसी होने का दावा किया गया, लेकिन मौके पर सुरक्षा व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिली। निरीक्षण के बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद एमवीडीए की टीम ने संस्थान को सील कर दिया। सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा ने बताया कि प्रवेश एवं निकास व्यवस्था सहित कई आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक सभी कमियों को दूर कर सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित नहीं किया जाता, तब तक संस्थान का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य कोचिंग संस्थानों में भी हड़कंप मच गया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में सुरक्षा मानकों की व्यापक जांच अभियान चलाया जाएगा। वहीं प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि बच्चों के लिए स्कूल या कोचिंग का चयन करते समय सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी अवश्य लें, क्योंकि सवाल केवल पढ़ाई का नहीं बल्कि बच्चों की जिंदगी का भी है।