प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में दीपोत्सव एवं भजन संध्या का भव्य आयोजन, भक्ति में सराबोर हुए श्रद्धालु

प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में दीपोत्सव एवं भजन संध्या का भव्य आयोजन, भक्ति में सराबोर हुए श्रद्धालु

निष्पक्ष जन अवलोकन

रामशंकर वर्मा

रामनगर, बाराबंकी। नगर पंचायत स्थित श्री शिव शक्ति धाम भुईयां माता मंदिर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के पांचवें दिन रविवार को भव्य दीपोत्सव एवं भजन संध्या का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर दीप प्रज्वलित किए तथा भक्ति संगीत का आनंद लेते हुए देर रात तक भगवान की आराधना में लीन रहे।

कस्बा अध्यक्ष रामशरण पाठक के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में मां दुर्गा एवं श्री पशुपतिनाथ भगवान की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर को हजारों दीपों की मनमोहक रोशनी से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर सुख-समृद्धि, शांति और विश्व कल्याण की कामना की। दीपों की अलौकिक छटा से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर दिखाई दिया।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडित रामनरेश शास्त्री सहित आधा दर्जन विद्वान आचार्यों ने विधि-विधान से दीपोत्सव का अनुष्ठान संपन्न कराया। इसके उपरांत आयोजित भजन संध्या में डॉ. संजय तिवारी के नेतृत्व में भजन गायक महेंद्र योगी ने अपनी मधुर एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भगवान शिव एवं मां दुर्गा के भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में झूमते रहे। कार्यक्रम में संदीप सिंह, नागेंद्र बाजपेयी और संजीव गुप्ता सहित पूरी टीम ने सफल आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

इस दौरान मंदिर परिसर 'हर-हर महादेव' और 'जय माता दी' के जयघोष से गूंज उठा। कार्यक्रम में कामाख्या धाम से पधारे महंत भगवानानंद महाराज, रामानंद महाराज, महंत गयागिर नागा बाबा, पंडित देवी प्रसाद, दयाशंकर तिवारी, अमित अवस्थी, संजय, पंकज, सोनू, मोनू, हरीश तिवारी, योगेंद्र मिश्रा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।