पेट्रोल पम्प चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार जमीन में गाड़ी तिजोरी से 9.11 लाख रुपये बरामद

पेट्रोल पम्प चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार  जमीन में गाड़ी तिजोरी से 9.11 लाख रुपये बरामद

निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। थाना रामनगर क्षेत्र में पेट्रोल पम्प पर हुई लाखों की चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जमीन में गाड़ी गई तिजोरी समेत 9 लाख 11 हजार 180 रुपये नकद बरामद किए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओम साईं फिलिंग स्टेशन ग्राम दलसराय के कार्यवाहक मैनेजर भानू प्रताप सिंह पुत्र रामराज सिंह निवासी ग्राम चन्दुआपट्टी थाना कधाई हनुमानगंज जनपद प्रतापगढ़ ने थाना रामनगर में तहरीर दी थी कि 13 अप्रैल की रात करीब 12:30 बजे से 1 बजे के बीच अज्ञात चोर पेट्रोल पम्प के ऑफिस के बगल स्थित स्टोर रूम से लॉकर सहित तेल बिक्री का कैश चोरी कर ले गया। इस आधार पर थाना रामनगर में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। गुरुवार को स्वाट/सर्विलांस टीम एवं थाना रामनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मैनुअल इंटेलिजेंस, डिजिटल डेटा और सीसीटीवी फुटेज की मदद से मामले का खुलासा करते हुए आरोपी मोनू विश्वकर्मा पुत्र रामू विश्वकर्मा निवासी तारापुर गुमान थाना रामनगर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई तिजोरी, 9,11,180 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त एक साइकिल बरामद की है। अपर पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पेट्रोल पम्प पर वाहनों में हवा भरने का काम करता था और उसे तिजोरी में रखे कैश की जानकारी थी। लालच में आकर उसने चोरी की योजना बनाई। घटना वाली रात उसने पहले सीसीटीवी कैमरे की दिशा बदली, फिर तिजोरी उठाकर साइकिल से ले गया और कुछ दूरी पर झाड़ियों के बीच मिट्टी में गाड़कर छिपा दिया था।