पीएम श्री योजना के तहत छात्राओं का शैक्षिक भ्रमण, हवाई यात्रा का मिला अनुभव
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। जिला विद्यालय निरीक्षक ओ.पी. त्रिपाठी और प्रधानाचार्य पूनम के नेतृत्व में पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की 40 मेधावी छात्राएं पांच दिवसीय शैक्षिक यात्रा पर चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा गईं। 6 मार्च से शुरू हुई इस यात्रा में छात्राओं ने विभिन्न शैक्षणिक और शोध संस्थानों का भ्रमण किया। सबसे पहले छात्राओं ने चंडीगढ़ स्थित सेंटर फॉर रिसर्च इन रूरल एंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट का दौरा किया, जहां उन्हें ग्रामीण और औद्योगिक विकास से जुड़े शोध कार्यों की जानकारी दी गई। इसके बाद छात्राओं ने पंजाब स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड एजुकेशन रिसर्च (आईआईएसईआर) का भ्रमण किया और विज्ञान एवं शोध से जुड़ी गतिविधियों को करीब से समझा। यात्रा के दौरान छात्राओं ने हरियाणा के पिंजौर स्थित वल्चर कंजर्वेशन एंड ब्रीडिंग सेंटर का भी दौरा किया, जहां गिद्धों के संरक्षण और पर्यावरण में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। यात्रा का विशेष आकर्षण यह रहा कि छात्राओं ने चंडीगढ़ से लखनऊ तक की वापसी यात्रा हवाई जहाज से की। पहली बार हवाई यात्रा का अनुभव मिलने से छात्राएं और उनके अभिभावक काफी उत्साहित नजर आए। इस दौरान शिक्षिका बबीता वर्मा और सीमा मिश्रा छात्राओं के साथ मौजूद रहीं।









