नारूबीर बाबा मंदिर में मधुमक्खियों का हमला, श्रद्धालु गंभीर घायल

निष्पक्ष जन अवलोकन फतेहपुर, बाराबंकी। कस्बा स्थित नारूबीर बाबा मंदिर में सोमवार सुबह मधुमक्खियों के अचानक हमले से भगौली तीर्थ निवासी विद्या प्रसाद (58) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना करीब सुबह 10 बजे की है, जब वह मंदिर में पूजा कर रहे थे। बताया जाता है कि अचानक मधुमक्खियों का एक झुंड मंदिर परिसर में आ गया और श्रद्धालुओं पर हमला कर दिया। इस दौरान विद्याप्रसाद को सबसे अधिक डंक लगे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। हमले के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए किसी तरह विद्याप्रसाद को झुंड से बाहर निकाला और तत्काल सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया।