नामित सभासदों को दिलाई गई शपथ, विकास कार्यों में समन्वय पर जोर
निष्पक्ष जन अवलोकन।
फतेहपुर (बाराबंकी)। कस्बे के एक मैरिज लॉन तथा बेलहरा स्थित बाबा साहब परिसर में आयोजित समारोह में शासन द्वारा नामित सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कार्तिकेय सिंह ने सभी नामित सभासदों को विधिवत शपथ दिलाई, जबकि क्षेत्रीय विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
नगर क्षेत्र फतेहपुर के लिए भाजपा मंडल उपाध्यक्ष राकेश गुप्ता, दयाशंकर जोशी ‘पप्पू’ और रीतेश जैन ‘टीनू’ को नामित सभासद बनाया गया है। वहीं, बेलहरा नगर पंचायत के लिए सुनील सोनी, संतोषी और कपिल वर्मा को नामित किया गया।
शपथ ग्रहण कराते हुए एसडीएम कार्तिकेय सिंह ने सभी सभासदों से अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ करने की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना ही जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने नवनियुक्त एवं निर्वाचित सभासदों से नगर के समग्र विकास के लिए आपसी समन्वय बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार का भेदभाव या आपसी खींचतान नहीं होनी चाहिए, बल्कि सभी को मिलकर नगर पंचायत को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य करना चाहिए। उन्होंने नगर विकास के नए आयाम स्थापित करने का भी आह्वान किया।









