नगर पंचायत सभागार में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर से नगर पंचायत सभागार में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नगर पंचायत के कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। शिविर में ब्लड टेस्ट के साथ-साथ शुगर, डेंगू, मलेरिया और टाइफाइड जैसी बीमारियों की निःशुल्क जांच की गई। लैब टेक्नीशियन पुष्कर वर्मा के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम ने नगर पंचायत के करीब तीन दर्जन कर्मचारियों के ब्लड सैंपल एकत्र कर विभिन्न प्रकार की जांचें कीं। टीम ने कर्मचारियों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, साफ-सफाई बनाए रखने और मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक किया। स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि बदलते मौसम में डेंगू, मलेरिया और टाइफाइड जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए समय-समय पर जांच कराना और सावधानी बरतना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से आसपास पानी जमा न होने देने, साफ पानी पीने और स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या होने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लेने की सलाह दी। नगर पंचायत कर्मचारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर आयोजित होने चाहिए, जिससे कर्मचारियों के साथ-साथ आम लोगों को भी स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का लाभ मिल सके। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही और सभी जांचें निःशुल्क की गईं।









