अवैध अतिक्रमण पर नगर पंचायत सख्त, समय रहते हटाने की अपील

अवैध अतिक्रमण पर नगर पंचायत सख्त, समय रहते हटाने की अपील


निष्पक्ष जन अवलोकन | विजय राम जायसवाल

फतेहपुर (बाराबंकी)। नगर पंचायत ने कस्बे में बढ़ते अवैध अतिक्रमण को लेकर सख्त रुख अपनाया है। नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी संध्या मिश्रा ने दुकानदारों एवं व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों के सामने किए गए अवैध अतिक्रमण को स्वेच्छा से हटाने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो नगर पंचायत पुलिस बल के साथ अभियान चलाकर सख्ती से अतिक्रमण हटवाएगी।

ईओ संध्या मिश्रा ने बताया कि कस्बे की मुख्य सड़कों, प्रमुख चौराहों और बाजार क्षेत्रों में दुकानों के बाहर तख्त, ठेले, टीन शेड, बैनर तथा अन्य अस्थायी निर्माण रखे जाने से यातायात व्यवस्था बाधित हो रही है। इसके चलते आम नागरिकों को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ता है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। कई स्थानों पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे व्यापार और जनजीवन दोनों प्रभावित होते हैं।

उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का उद्देश्य किसी भी व्यापारी या नागरिक को परेशान करना नहीं है, बल्कि कस्बे को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुचारू बनाना है। स्वच्छ और व्यवस्थित बाजार क्षेत्र से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

नगर पंचायत प्रशासन ने व्यापारियों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा है कि वे स्वयं आगे बढ़कर अतिक्रमण हटाएं और कस्बे को सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने में प्रशासन का साथ दें। प्रशासन द्वारा शीघ्र ही निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा, जिसमें अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।