दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, एक युवक गंभीर घायल

निष्पक्ष जन अवलोकन

बदायूं/बिल्सी। वजीरगंज-बिल्सी मार्ग पर स्थित गांव मूसापुर के पुल के पास शनिवार की सुबह दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। मिली जानकारी के अनुसार संभल जिले के गांव नगला निवासी सलीम पुत्र मजहर खान अपने पुत्र सलमान के साथ बाइक से वजीरगंज की ओर से बिल्सी लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक मूसापुर गांव के पुल के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि सलीम गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल को एंबुलेंस के माध्यम से बिल्सी के सरकारी अस्पताल भेजा गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद हालत गंभीर देखते हुए सलीम को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।