दरियाबाद में कांग्रेस का ‘संविधान संवाद’ सम्मेलन कल, कई दिग्गज नेता होंगे शामिल
रामबाबू मिश्रा
रामसनेहीघाट, बाराबंकी। दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी द्वारा रविवार को अयोध्या-लखनऊ राजमार्ग स्थित भवनियापुर मोड़ पर महाराजा लॉन में “संविधान संवाद एवं कार्यकर्ता सम्मेलन” का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन विधानसभा प्रभारी अब्दुल्ला शेर खान द्वारा किया जा रहा है। इस सम्मेलन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मुख्य रूप से शामिल होंगे। कार्यक्रम में अविनाश पांडे (अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के महासचिव), धीरज गुर्जर (अखिल भारतीय कांग्रेस सचिव), अजय राय (प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष) तथा आराधना मिश्रा (उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता) की उपस्थिति प्रस्तावित है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना है। सम्मेलन के दौरान संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, सामाजिक न्याय तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनावों को लेकर रणनीति तैयार करने पर भी मंथन होगा। विधानसभा प्रभारी अब्दुल्ला शेर खान ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया है।









