तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से वृद्धा की मौत, चालक वाहन समेत गिरफ्तार
निष्पक्ष जन अवलोकन
रामशंकर वर्मा
रामनगर, बाराबंकी। थाना क्षेत्र के ग्राम लोधपुरवा के निकट रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन समेत चालक को पकड़कर हिरासत में ले लिया। घटना के बाद मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम लोधपुरवा निवासी फूलमती (62) पत्नी पारसनाथ रविवार सुबह शौच के लिए घर से निकली थीं। वापस लौटते समय वह रामनगर-बदोसराय मार्ग पर पैदल अपने घर जा रही थीं। इसी दौरान रामनगर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार एवं अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीसी टीम के उपनिरीक्षक शत्रुघ्न तथा कांस्टेबल विजय भान, सुनील चौहान, सुजीत यादव और सूरज यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
पुलिस ने घटना के बाद फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू की और काफी मशक्कत के बाद अज्ञात ट्रक एवं उसके चालक को वाहन सहित पकड़ लिया। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण और नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।









