तालाब पर अवैध कब्जे की शिकायत, ग्राम प्रधान ने एसडीएम से की कार्रवाई की मांग

तालाब पर अवैध कब्जे की शिकायत, ग्राम प्रधान ने एसडीएम से की कार्रवाई की मांग

निष्पक्ष जन अवलोकन नूर मोहम्मद मसौली (बाराबंकी)। मनरेगा योजना के तहत खुदवाए गए तालाब को पाटकर उसके अस्तित्व को समाप्त करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्राम प्रधान ने उपजिलाधिकारी से शिकायत कर अतिक्रमण हटाने की मांग की है। मामला सफदरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम चंदवारा का है। राजस्व अभिलेखों में दर्ज गाटा संख्या 382 ‘कुईया गडही’ नामक तालाब की खुदाई मनरेगा योजना के तहत कराई गई थी। आबादी के निकट स्थित इस तालाब पर गांव के कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा किए जाने का आरोप है। आरोप है कि सर्वेश कुमार, अनिल कुमार पुत्रगण नन्हेंलाल, अयोध्या प्रसाद, बलराम और गया प्रसाद ने तालाब को पाटकर उसका स्वरूप समाप्त करने का प्रयास किया है। ग्राम प्रधान रमेशचंद्र जायसवाल का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित लोगों से तालाब न पाटने और उसके मूल स्वरूप को बनाए रखने का आग्रह किया, लेकिन आरोपियों ने न केवल बात नहीं मानी, बल्कि कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। इस अवैध अतिक्रमण से जहां सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है, वहीं सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। साथ ही गांव में जल निकासी की समस्या उत्पन्न हो गई है, जिससे आगामी बारिश के मौसम में गंभीर स्थिति बनने की आशंका जताई जा रही है। ग्राम प्रधान ने उपजिलाधिकारी से मांग की है कि तालाब पर हुए अवैध कब्जे को तत्काल हटवाया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।