जनपद न्यायाधीश द्वारा राजकीय सम्प्रेक्षण गृह किशोर, चित्रकूट का निरीक्षण किया गया।
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट।माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चित्रकूट शेषमणि शुक्ला के कुशल निर्देशन में राजकीय सम्प्रेक्षण गृह के निरीक्षण हेतु गठित समितिद्वारा आज दिनांक 31.03.2026 को राजकीय सम्प्रेक्षण गृह किशोर, चित्रकूट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अनुराग कुरील प्रथम अपर जिला जज/अध्यक्ष, श्रीमती रेनू मिश्रा विशेष न्यायाधीश पाक्सो एक्ट/सदस्य, सचिन कुमार दीक्षित सिविल जज (सी0डि0)/सदस्या, इला चौधरी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/सदस्य, सुश्री विदिषा भूषण प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्यायबोर्ड मौजूद रहे। निरीक्षण का उद्देश्य संस्थान में आवासित बालकों की देखभाल, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पुनर्वास व्यवस्था की समीक्षा करना तथा आवश्यक सुधार सुनिश्चित करना था। सम्प्रेक्षण गृह में निवासरत बाल अपचारियों से व्यक्तिगत रूप से चर्चा की गयी। समिति द्वारा बालकों की शिक्षा, भोजन, चिकित्सा सुविधाओं तथा मनोरंजन की व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सम्प्रेक्षण गृह में भोजन एवं स्वच्छता की स्थिति संतोषजनक पाई गई, जबकि शिक्षा एवं कौशल विकास कार्यक्रमों में कुछ सुधार की आवश्यकता बताई गई। निरीक्षण समिति द्वारा सम्प्रेक्षण गृह के विभिन्न पहलुओं का गहनता से निरीक्षण करते हुये निरूद्ध किशोर अपचारियों से संवाद स्थापित किया गया और उनकी समस्याओं, जरूरतों एवं सुविधाओं तथा रहन – सहन , शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से बातचीत की गयी। निरीक्षण समिति द्वारा यह भी सुनिश्चित किया कि संस्था में पूर्व निरीक्षणों में दिये गये निर्देशों का सही तरीके से पालन किया जा रहा है या नही। दौरान निरीक्षण अनुराग कुरील प्रथम अपर जिला जज/अध्यक्ष द्वारा किशोरों के पुनर्वास, मानसिक स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष ध्यान दिये जाने हेतु एवं बाल अपचारियों को त्वरित संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण सहायता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा - निर्देश दिये गये ताकि वे समाज की मुख्य धारा में बेहतर तरीके से जुड सके। संस्था प्रभारी द्वारा निरीक्षण समिति को व्यवस्थाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी और बताया कि किशोरों के सुधार एवं उनके समग्र विकास के लिए नियमित रूप से विभिन्न गतिविधियां यथा खेलकूद, शिक्षण कार्य, क्राफ्ट तथा संगीत से सम्बन्धित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर संस्था प्रभारी, सहायक अध्यापकगण, अन्य स्टाफ व सुरक्षा बल भी मौके पर मौजूद रहे और उनको अपने - अपने दायित्वों का निर्वहन करने हेतु निर्देशित किया गया। निरीक्षण उपरान्त जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चित्रकूट द्वारा राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) चित्रकूट में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया । शिविर में इला चौधरी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चित्रकूट द्वारा किशोर अपचारियों को उनके हितार्थ शासन, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण तथा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चलायी जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी दी गयी। बाल अपचारियों कोनिःशुल्क अधिवक्ता के सम्बन्ध में अवगत कराया गया कि किसी बाल अपचारी के पास अधिवक्ता उपलब्ध ना हो तो जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से अपने वाद की पैरवी हेतु निःशुल्क अधिवक्ता प्राप्त कर सकता है। शिविर में कुलदीप सिंह व योगेन्द्र सिंह सहायक न्याय रक्षक द्वारा किशोर अपरचारियों के मध्य पॉक्सो (POCSO) एक्ट, 2012 (लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम) के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी।









